Wednesday, April 24, 2024
Advertisement

तूफान से UP में दो लोगों की मौत, उत्तर और पूर्वी भारत में तापमान सामान्य

पिछले कुछ दिनों से चल रही आंधी और बारिश के कारण राजधानी दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, ओडिशा, बिहार और पश्चिम बंगाल में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे आ गया है।

India TV News Desk India TV News Desk
Published on: May 26, 2016 22:32 IST
Weather- India TV Hindi
Weather

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश में बारिश और तूफान के कारण हुए हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। दूसरी ओर देश के उत्तरी और पूर्वी भागों में अधिकतम तापमान सामान्य के आसपास बना रहा, हालांकि राजस्थान और ओडिशा में लोगों को गर्मी से कोई राहत नहीं मिली। पिछले कुछ दिनों से चल रही आंधी और बारिश के कारण राजधानी दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, ओडिशा, बिहार और पश्चिम बंगाल में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे आ गया है।

दिल्ली में सुहानी सुबह के बाद अधिकतम तापमान गुरुवार को 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शहर में न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य तीन मेट्रोपॉलिटन शहरों कोलकाता, चेन्नई और मुंबई में अधिकतम तापमान क्रमश: 36.5, 41.2, 34.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के बरौली गांव में आंधी के दौरान छज्जा गिरने से 10 वर्षीय बच्चे की मौत हो गई। आंधी के दौरान ही पेड़ गिरने से उसके नीचे दबकर 42 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। प्रदेश में बीते 24 घंटे के दौरान कहीं हल्की तो कहीं भारी बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग ने बताया कि सबसे अधिक दो सेंटीमीटर वर्षा आगरा में हुई। राठ, खैर, बस्ती और मनकापुर में एक एक सेंटीमीटर बारिश रिकार्ड की गई। झांसी मंडल में दिन के तापमान में काफी गिरावट आई जबकि मेरठ मंडल में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई। कानपुर, झांसी, आगरा, फैजाबाद, लखनऊ, मुरादाबाद और मेरठ मंडलों में दिन के तापमान में गिरावट दर्ज हुई। सबसे अधिक 40.6 डिग्री सेल्सियस तापमान चुर्क में दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि 28 मई को पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ जगहों पर तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।

ओडिशा में 11 स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से उपर दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा 43.7 डिग्री सेल्सियस तापमान भवानीपाटन में रहा। प्रदेश के सोनपुर में 43, तितलगढ़ में 42.5, हीराकुंड में 42.1, बोलनगीर और सुन्दरगढ़ में 42, अंगुल में 41.7, तलचर में 41.5, झारसुगुडा में 41.4 और सम्बलपुर में अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के तटवर्ती जिलों में बुधवार को शाम धूल भरी आंधी चलने और हल्की बारिश होने से तापमान में कुछ कमी आई है। राजस्थान में पिछले 24 घंटों के दौरान जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों, कोटा, अजमेर, बीकानेर संभागों के मैदानी भागों, अलवर, धौलपुर, भरतपुर के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश होने से प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में गर्मी से कुछ राहत मिली है।

मौसम विभाग के प्रवक्ता के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान जयपुर संभाग के कुछ हिस्सों, कोटा, अजमेर, बीकानेर, संभागों के मैदानी भागों में हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश दर्ज की गई। अलवर जिले के गोविंदगढ़, तिजारा और लक्ष्मणगढ में दो-दो सेंटीमीटर, अलवर जिले के पहाड़ी, रामगढ़, धौलपुर जिले के बाड़ी, धौलपुर, भरतपुर जिले के रूपवास, कामा और वैर में एक-एक सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। उन्होंने बताया कि कोटा और चूरू में अधिकतम तापमान 43.2-43.2 डिग्री सेल्सियस, श्रीगंगानगर में 42.9, जैसलमेर में 41.4, बाड़मेर में 41.2, फलौदी और बीकानेर में 41, पिलानी में 40.8, राजधानी जयपुर में 40.5, जोधपुर में 40.2, अजमेर में 39.8 और उदयपुर में 38.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान प्रदेश के मौसम में किसी भी प्रकार के बदलाव की संभावना से इनकार किया है। गांगेय पश्चिम बंगाल में मौसम आज सुहाना रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 48 घंटों में चार जिलों दार्जिलिंग, कूच बिहार, अलिपुरद्वार और जलपाईगुड़ी के उप-हिमालयी क्षेत्रों में अच्छी बारिश हो सकती है। पड़ोसी राज्य झारखंड में भी मौसम अच्छा रहा। सिर्फ पलामू जिले में तापमान 40 के आंकड़े को पार कर 40.4 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटों में कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने या धूल भरी आंधी चलने की संभावना है। पंजाब और हरियाणा में ज्यादातर स्थानों पर अधिकतम तापमान 40 डिग्री से नीचे ही बना रहा।

Latest India News

India TV पर हिंदी में ब्रेकिंग न्यूज़ Hindi News देश-विदेश की ताजा खबर, लाइव न्यूज अपडेट और स्‍पेशल स्‍टोरी पढ़ें और अपने आप को रखें अप-टू-डेट। National News in Hindi के लिए क्लिक करें भारत सेक्‍शन

Advertisement
Advertisement
Advertisement